शाहजहांपुर/पीलीभीत। धार्मिक, पर्यटन व व्यापार के लिहाज से महत्वपूर्ण टनकपुर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे की टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार से शाहजहांपुर से टनकपुर की यात्रा पहले के मुकाबले सस्ती और आसान हो जाएगी। यात्रियों को बरेली होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय के साथ किराये की भी बचत होगी। शाहजहांपुर से टनकपुर तक जाने में सिर्फ 35 रुपये खर्च होंगे।
सोमवार को पीलीभीत में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सुबह 11:05 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर–पीलीभीत सवारी गाड़ी का शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार होने से पीलीभीत, टनकपुर, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों की यात्रा अधिक सुगम होगी। क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
इस दौरान बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष आस्था अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, एडीआरएम इज्जतनगर मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
बता दें कि मां पूर्णागिरि का दरबार होने के साथ ही पहाड़ी इलाका होने से शाहजहांपुर से लोगों का टनकपुर आना-जाना लगा रहता है। वहां मेला लगने पर काफी व्यापारी भी कारोबार के लिहाज से जाते हैं। अब तक पूर्वोत्तर रेलवे से पीलीभीत तक सफर कर टनकपुर के लिए ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। इसके विपरीत शाहजहांपुर से टनकपुर जाने के लिए अधिकतर यात्री त्रिवेणी एक्सप्रेस का सहारा लेते हैं।
यह ट्रेन बरेली होकर करीब 192 किलोमीटर की दूरी तय करती है। लंबी दूरी और दूसरे रूट से संचालन के कारण यह अक्सर विलंब से पहुंचती है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था के तहत पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेन पीलीभीत होते हुए टनकपुर जाएगी। इससे शाहजहांपुर से टनकपुर की दूरी घटकर करीब 147 किलोमीटर रह जाएगी।
जनरल श्रेणी में जहां अभी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा के लिए 85 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। नई ट्रेन से किराया घटकर करीब 35 रुपये रह जाएगा। यात्रियों को लगभग 50 रुपये की सीधी बचत होगी। दूरी कम होने से यात्रा का समय भी घटेगा। रेलवे की इस सुविधा से सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह है समय
शाहजहांपुर से ट्रेन संख्या 55323 शाहजहांपुर-टनकपुर मंगलवार को 12:45 बजे स्टेशन से रवाना होगी। 12:56 बजे शहबाजनगर, 1:18 निगोही, 1:40 बजे बीसलपुर, 2 बजे भोपतपुर, 2:40 बजे पीलीभीत, 3:35 न्योरिया हुसैनपुर, 3:44 बजे मझोला पकड़िया, 4 बजे खटीमा, 4:10 बजे चकरपुर हॉल्ट, 4:25 बजे बनबसा, 4:50 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
पूर्णागिरि जाने के लिए त्रिवेणी एक्सप्रेस का इंतजार करना पड़ता है। पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेन चलने से सफर आसान हो जाएगा। धार्मिक यात्रा के लिहाज से ट्रेन काफी मुफीद है।
-रोहित अग्रवाल, व्यापारी
पहले पीलीभीत तक सफर करना पड़ता था। उसके बाद पीलीभीत में ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था। अब सीधी ट्रेन चल गई है तो यह काफी सराहनीय है।
- अंशिका गुप्ता, सदर बाजार
ननिहाल खटीमा में है। अब तक बस से सफर करते थे, जो काफी महंगा पड़ता था। शाहजहांपुर से टनकपुर तक सीधी ट्रेन प्रारंभ होने से राहत मिलेगी।
- नितिन भोजवाल, मोहल्ला मक्कू बजरिया
रोहित अग्रवाल।- फोटो : संवाद
रोहित अग्रवाल।- फोटो : संवाद
रोहित अग्रवाल।- फोटो : संवाद