बालिका गृह पर डीएम का छापा, लचर मिले सुरक्षा बंदोबस्त
परिसर में सीसी कैमरे लगवाने के निर्देश, तैनात होंगे होमगार्ड
सुरक्षा के लिहाज से बालिका गृह शिफ्ट करने के निर्देश दिए
फोटो-35,बालिका गृह में जानकारी लेते जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी।
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर और यूपी के देवरिया में बालिका गृह में लड़कियों से दरिंदगी के मामले सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी बालिका गृह को लेकर प्रशासन चौकन्ना हो गया है। सोमवार को डीएम अमृत त्रिपाठी ने एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एसडीएम सदर रामजी मिश्रा के साथ हथौड़ा बुजुर्ग की बृज बिहार कॉलोनी स्थित बालिका गृह में औचक छापामारी की। यहां सुरक्षा बंदोबस्त लचर मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। पूरे परिसर में सीसी कैमरे लगवाने और होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए।
डीएम ने पाया कि बालिका गृह में 22 बालिकाएं हैं। यह सभी शाहजहांपुर जिले की ही हैं। डीएम ने बालिकाओं से व्यवस्थाओं के बारे में बात की। संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया। बालिकाओं को मिलने वाले भोजन आदि की जानकारी की। डीएम को बताया गया कि बालिका गृह के मुख्य द्वार पर ही सीसी कैमरा है। इस पर डीएम ने पूरे परिसर में सीसी कैमरे लगवाने के साथ होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। बालिकाओं से मिलने आने वालों का पूरा डाटा मय मोबाइल नंबर के रखने के लिए कहा। बालिका गृह में सुरक्षा बंदोबस्त लचर मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। प्रभारी प्रोबेशन अधिकारी एनएन द्विवेदी को सुरक्षा के लिहाज से बालिका गृह किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। डीएम ने चेताया कि परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं होना चाहिए।