पॉलिथीन पर प्रतिबंध में व्यापारियों से डीएम ने मांगा सहयोग
कार्रवाई में राहत को ज्ञापन देकर मिले व्यापारी
फोटो 05 में।
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। पॉलिथीन पर रोक से व्यापारियों को हो रही असुविधा की दुहाई देकर राहत मिलने की उम्मीद में प्लास्टिक उत्पाद विक्रेताओं को साथ उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के पदाधिकारी सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम अमृत त्रिपाठी से मिले। डीएम ने राहत देने के बजाए प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए उन्हें सक्रिय सहयोग करने का पाठ पढ़ाया। डीएम ने कहा कि जुर्माना कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यापारी का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा, लेकिन उन्हें व्यापक जनहित को देखते नई व्यवस्था में सहयोग की भूमिका निभानी चाहिए।
संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि व्यापारी पॉलिथीन पर रोक का विरोध नहीं करते, लेकिन जब तक बाजार में पैकिंग केे लिए काटन, जूट, कागज के थैले-लिफाफे उपलब्ध नहीं होते प्लास्टिक उत्पाद विक्रेताओं को पुराना स्टॉक बिक्री करने की अनुमति मिलनी चाहिए। व्यापारी नेता दुआ के साथ गए प्लास्टिक ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम जी गुप्ता, मोहित अग्रवाल, घनश्याम दास गुप्ता ने कहा कि 15 जुलाई को जारी अधिसूचना में 50 माइक्रोन से कम मोटाई की पन्नियां प्रतिबंधित हुईं, लेकिन अधिकारी मनमाने तरीके से माल जब्त करने के साथ जुर्माना लेकर उत्पीड़न कर रहे हैं।
प्रदेश संगठन मंत्री वेद प्रकाश रावत ने कहा कि नगर निगम की ओर से जारी जुर्माना की रसीदों पर प्राप्तकर्ता का पद, नाम और मोबाइल नंबर भी अंकित करना आवश्यक है, जिससे कि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और प्रतिबंध की आड़ में किसी व्यापारी को नाहक परेशान नहीं होना पड़े। डीएम ने कहा कि व्यापारी अपने स्तर से भी दुकानदारों को थैले उपलब्ध कराने के साथ उन्हें पॉलिथीन और प्लास्टिक उत्पाद नहीं बेंचने को प्रेरित करें। इस मौके पर संगठन के नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री नाजिम खां, महेंद्र गुप्ता, सुनील यादव, संजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
00000000000000000000000000000000000000000000
150 अधिकारियों को डीएम ने दिया कार्रवाई करने का अधिकार
शाहजहांपुर। डीएम अमृत त्रिपाठी ने पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने के लिए प्रशासन समेत विभिन्न विभागों के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के राजपत्रित अधिकारियों को जुर्माना वसूलने सहित अन्य कार्रवाई करने का अधिकार दे दिया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजारों में पॉलिथीन जब्त कर संबंधितों से अर्थदंड वसूलने के साथ जन सामान्य को प्लास्टिक उत्पादों केे पर्यावरण पर विपरीत प्रभावों से जागरूक करने का समानान्तर अभियान भी चलाएं। एसडीएम सदर रामजी मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में सभी अधिकारियों को केवल जुर्माना वसूलकर उसकी रसीद जारी करने और अर्थदंड मद में प्राप्त धनराशि राजकीय कोष में जमा करने का अधिकार दिया गया है।