शाहजहांपुर। जिले में ढाई लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता निगम का सात सौ करोड़ रुपये दबाकर बैठे हैं। इनमें से 1.32 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से कभी बिल जमा ही नहीं किया है। सभी बकायेदारों को अब अफसर नोटिस जारी करेंगे। इसमें सबसे ज्यादा घरेलू कनेक्शनधारक हैं।
जिले में 4.50 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। विद्युत वितरण निगम के चेयरमैन ने बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मेगा कैंप लगाकर लोगों के बिल जमा करने के साथ कनेक्शन भी काटे गए थे। बिजली निगम ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को जारी करते हुए राजस्व वसूली के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत छोटे से लेकर बड़े बकायेदारों तक की सूची तैयार की गई।
अधिशासी अभियंता द्वितीय दुर्गेश यादव ने बताया कि बकायेदारों के घरों पर नोटिस भेजने के साथ ओटीएस का लाभ भी बताया जाएगा। इसके उपरांत भी बकाया नहीं देने पर आरसी जारी की जाएगी। योजना का प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। जिन लोगों ने आज तक बिल जमा ही नहीं किया है, ऐसे उपभोक्ताओं के घरों पर बिजली निगम की टीम भेजी जाएगा। बिल अदा नहीं करने पर उनके कनेक्शन काटे जाएंगे।
जिले में इतने हैं बकायेदार
-2,51,729 घरेलू उपभोक्ता
-4764 वाणिज्यिक उपभोक्ता
-225 एलएमबी-फोर बी
-285 औद्योगिक
-11949 ट्यूबवेल
-
किसानों ने 56 करोड़ रुपये नहीं किया जमा
जिले के 11949 किसानों पर 56 करोड़ रुपये बिजली निगम का बकाया है। शासन से ट्यूबवेल के कनेक्शन धारक किसानों को बिजली मुफ्त है, लेकिन नि:शुल्क बिजली की घोषणा से पहले का बिल भी किसानों ने अदा नहीं किया है।
-
ओटीएस का लाभ लेकर बकायेदार अपना बिल अदा कर सकते हैं। एसडीओ व जेई को निर्देश दिए गए हैं कि वे राजस्व वसूली के कार्य में तेजी लाएं। संविदा कर्मी भी घर-घर जाएंगे। लापरवाही करने वालों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
-जेपी वर्मा, एसई