शाहजहांपुर। क्रिएटिव आर्ट ग्रुप और अनुभूति सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली किशोर अवार्ड प्रतियोगिता के लिए कलाकारों का ऑडीशन लिया गया। ऑडीशन में बड़ी संख्या में फनकारों ने प्रतिभाग कर नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शाहजहांपुर युवा महोत्सव के अंतर्गत गांधी भवन में हुए ऑडीशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि जयेश प्रसाद, विशिष्ट अतिथि संजय चोपड़ा, हरिशरण वाजपेयी, किशोर गुप्ता, मनोज खुराना ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद स्थानीय जनपद के अलावा गैर जनपदों के कलाकारों ने सिंगिंग और डांसिंग के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन कर निर्णायकों को ध्यान आकर्षित किया। निर्णायक मंडल में केशव पंडित, मो. इजहार, दीपमाला रस्तोगी, अकील सागर, अमान उल्ला आदि शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक क्रिएटिव आर्ट ग्रुप के प्रबंध निदेशक नरेंद्र सक्सेना ने बताया कि गांधी भवन का जीर्णोद्धार आरंभ हो जाने के कारण युवा महोत्सव की तिथि बढ़ा दी गई है। अब यह आयोजन दो से सात जनवरी तक होगा। नरेंद्र सक्सेना और सुहेल मोहम्मद के संचालन में हुए ऑडीशन में अनुभूति सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज मंजुल ने आभार जताया। आयोजन में नीरज वाजपेयी, एपी सिंह, शिखर सेठ, शिवि गुप्ता, विक्रांत सक्सेना आदि का योगदान रहा।