खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार के युवक की उत्तराखंड के चंपावत में सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। घरवालों ने शव गांव लाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
नगर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी 32 वर्षीय चांद मियां उत्तराखंड के चंपावत में राजमिस्त्री का काम करते थे। तीन महीना पहले बेटी का जन्म होने पर वह खुटार आए थे। कुछ दिन घर पर रुककर वह पत्नी कमरुनिशा और बच्चों को साथ ले गए। रविवार को चांद मियां चंपावत में ही अपने एक दोस्त के घर दावत खाने जा रहे थे तभी रास्ते में किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस चांद मियां को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हेें मृत घोषित कर दिया। पत्नी कमरुनिशा को जानकारी मिली तो वह सुधबुध खो बैठीं। खबर मिलने पर खुटार से परिवार के लोग चंपावत पहुंचे और शव घर लाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।