फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान आज

Sat, 25 Nov 2017 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो शाहजहांपुर।
विज्ञापन
मतदान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जिले की चार नगर पालिका और छह नगर पंचायतों के लिए रविवार को 4.35 लाख मतदाता 207 मतदान केंद्रों के 527 बूथों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शांति पूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम नरेंद्र कुमार सिंह और एसपी केबी सिंह ने कहा है कि मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा।
विज्ञापन

शहर की नगरपालिका परिषद समेत नगर पंचायत कांट और रोजा की पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवानगी के लिए शनिवार को सुबह सात बजे ओसीएफ ग्राउंड पर बुलाया गया था। इस कारण मतदान कार्मिक वहां तीनों निकायों के लिए बनाए गए पंडालों की टेबिलों पर सुबह छह बजे से उमड़ने लगे। डीएम, एसपी समेत उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम सर्वेश कुमार व जितेंद्र कुमार शर्मा, यातायात प्रभारी/ सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम रामजी मिश्रा आदि अधिकारी वहां पहुंच चुके थे। अधिकारियों ने अपनी निगरानी में पोलिंग पार्टियों को बैलेट पेपर, अन्य प्रपत्रों की स्टेशनरी, निर्वाचन सामग्री, मतपेटिकाएं आदि दिलाकर उनके निर्धारित वाहनों में बैठाने की व्यवस्था कराई। एडीएम सर्वेश कुमार ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित केंद्रों पर सकुशल पहुंच गई हैं। उधर, जलालाबाद स्थित मंडी परिसर से 42 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। इस दौरान प्रेक्षक डॉ. सरोज कुमार के अलावा एसडीएम डॉ. वैभब शर्मा, सीओ डॉ. बल्देव सिंह आदि मौजूद रहे। चुनाव में छह सेक्टर और तीन जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
इधर, नगर के पुवायां इंटर कालेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से शनिवार को नगर पालिका पुवायां और नगर पंचायत खुटार के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। एसडीएम मोइनुल इस्लाम, सीओ मंगल सिंह रावत, तहसीलदार विजय शर्मा, तहसीलदार (न्यायिक) केएम दीक्षित, कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी शनिवार सुबह से ही पुवायां इंटर कॉलेज जा पहुंचे और यहां पोलिंग पार्टियों को संबंधित वार्डं के सदस्यों और अध्यक्ष पद के लिए बैलेट पेपर सहित निर्वाचन सामग्री मुहैया कराई। यहां से पुवायां में तीस और खुटार के लिए 12 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। उधर, तिलहर मंडी समिति परिसर से तिलहर के 59 बूथों, मीरानपुर कटरा के 33 बूथों और खुदागंज के 14 बूथों के लिए देर शाम तक पार्टियां रवाना हो गई। तिलहर में 45192 मतदाता अध्यक्ष पद के 12 और सभासद पद के 181 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव प्रेक्षक डॉक्टर सरोज ने व्यवस्था का जायजा लिया।
विज्ञापन

 
निकायों में मतदाताओं पर एक नजर
 
निकाय महिला मतदाता
 
शाहजहांपुर नगरपालिका 2,45,646
तिलहर नगरपालिका 45,117
जलालाबाद नगरपालिका 28,823
पुवायां नगरपालिका 21,846
अल्हागंज नगर पंचायत 10,721
रोजा नगर पंचायत 9,167
खुदागंज नगर पंचायत 12,501
कांट नगर पंचायत 21,838
कटरा नगर पंचायत 26,076
खुटार नगर पंचायत 13,549

दो मतदान केंद्र अति संवेदनशीन
तिलहर। नगर का आरबीएम इंटर कॉलेज तथा मौजमपुर प्रथम मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। यह दोनों केंद्र सीसीटीवी कैमरे तथा अतिरिक्त पुलिस बल की निगरानी में रहेंगे। एसडीएम सत्यप्रिय सिंह, तहसीलदार वेद सिंह चौहान,नायब तहसीलदार व पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार यादव भारी प्रशासनिक अमले के साथ पूरे दिन मंडी समिति परिसर में पोलिंग पार्टियों को रवाना करते रहे।

भारी फोर्स रहेगा तैनात
पुवायां। नगर के चार मतदान केंद्र अति संवेदनशील और दो संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर बने प्रत्येक बूथ पर एक दरोगा, एक एचसीपी, दो सिपाही और दो होमगार्ड ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। नगर को दो जोन और छह सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में एक इंस्पेक्टर और एक प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थित पर निगरानी रखेंगे। उनके साथ पांच सिपाही भी मौजूद रहेंगे। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक दरोगा और पांच सिपाही मौजूद रहेंगे। दो क्यूआरटी भी तैनात रहेंगी। जिसमें 20 सिपाही सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। तीन कलस्टर मोबाइल टीमों में तीन दरोगा और 15 सिपाही मौजूद रहेंगे। कुल 336 पुलिसकर्मी पुवायां में मतदान संपन्न कराने के लिए मौजूद रहेंगे।

रूट किया डायवर्ट
पुवायां। मोहम्मदी रोड पर बैरीकेटिंग कर सील किया जाएगा। मोहम्मदी रोड की आरे से कसबे में आने वाले लोग मेन रोड पर राजीव चौक की ओर से ही आ सकेंगे। मतदान के लिए आने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। बूथ के पास भीड़ लगाने की इजाजत नहीं होगी। एसडीएम मोइनुल इस्लाम और सीओ मंगल सिंह रावत ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग की अपील की है।

इसका भी करना होगा पालन
पुवायां। मतदान केंद्र पर मोबाइल, सिगरेट, बीड़ी, माचिस आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मतदानकर्मी अपना कार्य पूरी निष्पक्षता और निर्भीकता से करें। किसी भी समस्या के निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।

मतदाता पहचान पत्र समेत 16 विकल्प मान्य
प्रशासन ने 80 फीसदी से अधिक मतदाताओं को निर्वाचन आयोग से मतदाता पहचान पत्र जारी होने का दावा किया है। इसके बावजूद जिन लोगों के पास किन्हीं कारणों से नहीं होगी, वे बीएलओ से प्राप्त मतदाता पर्ची समेत आयोग से मान्य किए गए 16 विकल्प पत्रों में कोई एक प्रपत्र पीठासीन अधिकारी को प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे।

83 मतदान केंद्रों पर रहेगी कैमरों की नजर
सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे मतदान को निष्पक्ष, निर्भीक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 63 मतदान केंद्रों के 178 बूथ अति संवेदनशील और 20 अन्य केंद्रों के 53 बूथ अति संवेदनशील प्लस श्रेणी में रखे हैं। अति संवेदनशील प्लस श्रेणी के बूथों पर आयोग के निर्देशानुसार वेब कैमरे लगाए गए हैं, जबकि अति संवेदनशील बूथों पर प्रत्येक गतिविधि को रिकार्ड करने के लिए वीडियोग्राफी टीमें तैनात की गई हैं। वर्ष 2007 के निकाय चुनाव में पुवायां नगर निकाय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हुई बूथ कैप्चरिंग को ध्यान में रखते हुए वहां के सभी 12 मतदान केंद्रों से जुड़े 30 बूथ संवेदनशीलता की विभिन्न श्रेणियों में शामिल किए गए हैं। नगर पंचायत अल्हागंज, रोजा, कटरा, कांट और खुटार के सारे बूथ गड़बड़ी की आशंका में सामान्य के बजाय संवेदनशील माने गए हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें