बकाया मानदेय का भुगतान शीघ्र किए जाने और चुनाव के दौरान किए गए वायदेे के अनुरूप मानदेय में बढ़ोत्तरी नहीं किए जाने आदि मुद्दों को लेकर जिले के रोजगार सेवकों ने प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को ध्यानाकर्षण रैली निकाली और कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। बाद में रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराए जाने की मांग दोहराई।
धरना के दौरान हुई सभा में संगठन के प्रदेेश उपाध्यक्ष ललितेश शास्त्री और जिलाध्यक्ष पिंटू यादव ने प्रदेश सरकार की वायदा खिलाफी पर तीखे प्रहार किए। कहा कि मानदेेय में बढ़ोत्तरी होना तो दूर रहा, आजीविका के लिए अनुमन्य मानदेय के भुगतान में रोड़े अटकाए जा रहे हैं। ज्ञापन में रोजगार सेवकों को पूर्ण कालिक कर्मचारी मानते हुए मानदेेय में वृद्धि किए जाने, दस वर्ष की सेवा पर नियमितीकरण करने, प्रधानों के स्तर से उत्पीड़न रोकने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है।
धरना-प्रदर्शन में मनोज वर्मा, इंद्रपाल निराला, विश्वदीप त्रिपाठी, धीरेंद्र कुशवाहा, श्याम बिहारी वर्मा, संदीप गुप्ता, सत्येंद्र यादव, रजनीश गुर्जर, संजय वर्मा, अंकित सिंह, उपासना कुशवाहा, पूनम गुप्ता, हीरा लाल वर्मा, अजय शर्मा, रविकांत आदि शामिल रहे।