जलालाबाद सीएचसी पहुंचे हादसे के बाद घायल बच्चे। स्रोत : परिजन
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। बारहपत्थर चौराहे के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार से स्कूली बच्चों को ले जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर लग गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक रूपेश सहित उसमें सवार सभी 10 बच्चे घायल हो गए। एक बच्ची श्रुति की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना सुबह सवा सात बजे हुई जब ई-रिक्शा चालक शाहजहांपुर हाईवे से नगर की ओर मुड़ रहा था। गांव नगरिया भूड़ का रहने वाला रूपेश अपने गांव और कूराबंडा गांव से 10 बच्चों को जलालाबाद के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय छोड़ने जा रहा था। याकूबपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार से ई-रिक्शा को टक्कर लग गई। इससे वह पलट गया। कुछ बच्चे दूर जा गिरे जबकि कुछ रिक्शा के नीचे दब गए।
आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक का पता लगाया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। चिकित्साधीक्षक डॉ. दिनेश यादव ने बताया कि श्रुति को लगातार उल्टियां होने के कारण राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायल बच्चों की सूची
कूराबंडा गांव की श्रुति (10), शुभांशु (07) और दीपक (09), नगरिया भूड़ के सौरभ (08), अर्पित (07), दिव्यांशी (13), प्रांजल (11), सूर्यांश (11) और ऋषभ (09), कलक्टरगंज निवासी आयुष (13)।
जलालाबाद सीएचसी पहुंचे हादसे के बाद घायल बच्चे। स्रोत : परिजन