उत्तर प्रदेस के बहराइच में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर शुक्रवार को ट्रक-कार की भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं।
नान्हूपुरवा गांव के पास अनियंत्रित हुआ तेज रफ्तार ट्रक, सामने से आ रही कार से भिड़ गया। कार में सवार चालक समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लखनऊ निवासी महिला इशरतजहां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी नानपारा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कार सवार सभी लोग उर्रा गांव में एक युवक की मिट्टी में शामिल होने के बाद नानपारा लौट रहे थे। मरने वालों में कार सवार साजन (30) निवासी घोसी टोला, साजन की मां (65), मोहल्ला किला निवासी सरदार जहां (60), शबनम (25) पत्नी फिरोज, अरियान (4) व जोया (8) पुत्री फिरोज, मन्ना (30) कसाई टोला शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।