संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का कैंप खलीलाबाद ब्लॉक सभागार व बेलहर कला ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम व सहायक प्रबंधक पंकज कुमार पांडेय ने योजना के बारे में अवगत कराया। बताया कि योजना के प्रथम चरण में पांच लाख तक की परियोजनाओं के लिए चार वर्षाें तक 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त तथा कोलेटरल गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्वांचल क्षेत्र के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान बैंक में जमा करना होगा, जो परियोजना ऋण के साथ मुक्त किया जाएगा।
योजना की पात्रता में आयु सीमा 21 से 40 वर्ष, शैक्षिक योग्यता न्यूनतम कक्षा आठ उत्तीर्ण तथा कौशल प्रशिक्षण प्राप्त होना अनिवार्य है। योजनांतर्गत आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन ही प्राप्त किए जा रहे हैं। मिशन निदेशक ने जनपद का लक्ष्य 1600 निर्धारित किया गया है।
इस दौरान उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा, खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव, जया राना, अशोक कुमार गुप्ता, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।