धनघटा। धनघटा थाना क्षेत्र के परसाबुजुर्ग गांव के पास राजस्थान से घर लौट रहे एक दलित युवक और उसके साथी से मारपीट तथा जातिसूचक गाली देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
धनघटा थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी नरसिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मजदूरी करने के बाद राजस्थान से 25 जुलाई की रात गांव लौट रहा था। उसके साथ गांव का गोविंद भी था। दोनों को सवारी वाहन ने बरहकोनी तिराहे पर उतार दिया, जहां से वे बाइक से अपने गांव जा रहे थे। आरोप है कि रात करीब नौ बजे परसाबुजुर्ग गांव के पास रामप्रीत पुत्र रामभवन, धीरज पुत्र भागीरथी तथा एक अज्ञात युवक ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनके आने-जाने के बारे में पूछा और इसके बाद जातिसूचक गालियां देते हुए लात-घूंसों और डंडों से दोनों की पिटाई कर दी। एसओ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद