- दोआबा महोत्सव में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में 100 जोड़ी पहलवानों ने लिया हिस्सा
- आगरा के पहलवान हरेंद्र व दिल्ली के भारत केशरी व रुस्तमे पंजाब संदीप की कुश्ती पर था दो लाख रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार के मानसिंह बाग दोआबा महोत्सव में शनिवार को आयोजित विराट दंगल आकर्षण का केंद्र रहा। दंगल में राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने भाग लिया। दंगल में कुल 100 जोड़ कुश्ती हुई। जिसमें सबसे प्रमुख कुश्ती गुरु हनुमान अखाड़ा दिल्ली के भारत केशरी व रुस्तमे पंजाब संदीप व आगरा के हरेंद्र पहलवान के बीच हुई। 20 मिनट की कुश्ती पर दो लाख रुपये का इनाम रखा गया। दोनों पहलवानो के बीच कलात्मक कुश्ती देखने को मिली। दर्शक इस कुश्ती को देखने के लिए नजरे टिकाए हुए थे। लेकिन अंत में दोनों पहलवानो के बीच कुश्ती बराबर पर छुटी।
दंगल में रोचक मुकाबला संतकबीरनगर जनपद के धनघटा तहसील अंतर्गत बेलौरी निवासी राष्ट्रीय पहलवान संजय यादव व दिल्ली के पहलवान रवि के बीच देखने को मिला। संजय ने दिल्ली के पहलवान रवि को कालाजंग दांव से आसमान दिखा दिया। एक लाख रुपये इनामी कुश्ती गाजीपुर के रितेश व दिल्ली के हरमेंद्र के बीच हुई। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। बड़गो के मोनू राय ने गुलरिहा के शिव को पटखनी दी। दिल्ली के जीशान व गोरखपुर के जनार्दन के बीच कुश्ती रोचक मुकाबले के बाद बराबरी पर छूटी। दिल्ली के आदित्य व कृष्णा नगर के अमित के बीच कुश्ती बराबर पर छूटी। गोरखपुर खजनी के पहलवान संदीप व आगरा के पहलवान अश्वनी तिवारी के बीच कुश्ती बराबर पर छूटी जबकि राजू व तुलसीपुर के पहलवान बृजेश के बीच रोचक कुश्ती हुई। जिसमें तुलसीपुर के बृजेश ने राजू को आसमान दिखाया। सभी विजयी पहलवानो को इनाम प्रदान किए गए। रेफरी का कार्य उमेश राय ने किया।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि नीलमणि, लक्ष्मी दूबे, राकेश पाठक, अमरराय, अशोक यादव, आदि लोग मौजूद रहे।