संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें चार माह से खराब मीटर न बदलने की शिकायत और जमीन से कब्जा न हटाने को लेकर पीड़ित पहुंचे। उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
खलीलाबाद तहसील पर शिकायत लेकर पहुंचे कांशीराम आवास निवासी हरीराम का कहना था कि उसके आवास पर विद्युत कनेक्शन लगा है। लेकिन उक्त कनेक्शन में चार माह पूर्व मीटर जल गया। कई बार संबंधित कर्मचारी से मीटर ठीक करने को कहा गया, लेकिन उसे ठीक नहीं किया गया। ऐसी स्थिति में मनमाने ढंग से बिजली बिल भेजा जा रहा है। इसे निरस्त कर सही बिल भेजे जाने की मांग की। साथ ही मीटर को बदलवाने की मांग की।
पड़ोसी जमीन पर किए कब्जा
शहर के गोला बाजार निवासी रमेश कुमार का कहना है कि पड़ोसी उनकी ही जमीन पर दीवार चला रहे हैं। साथ की कब्जा भी कर लिए है। पानी को भी अवरूद्ध कर दिए है। पहले थाना दिवस से लेकर लेखपाल से शिकायत किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम ने फरियाद सुनी और निस्तारण का आश्वासन दिया।
170 मामले आए और आठ का निस्तारण
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 170 मामले आए और आठ का ही निस्तारण हो पाया।
मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने फरियादियों की शिकायतों को सुना। कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जा कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। यहां पर कुल 67 मामले आए और छह का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर एसपी सत्यजीत गुप्ता, सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया, सीओ केशवनाथ समेत अन्य मौजूद रहे। खलीलाबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम शैलेश कुमार दुबे ने समस्याओ को सुना। यहां परककुल 54 मामले आए और दो निस्तारण हुआ। धनघटा तहसील पर सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने समस्याओं को सुना। यहां पर कुल 49 प्रार्थना पत्र आए और एक का भी निस्तारण नहीं हुआ।