- राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
सवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शराब घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को ईडी के जरिए गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौपा।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दुर्विजय सिंह यादव ने कहा कि देश में आज अराजकता का माहौल व्याप्त है। पिछले 10 सालों की मोदी सरकार किसानों, नौजवानों और रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महज 10 सालों में ही आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय पार्टी के रूप में अपने आप को प्रतिबिंबित किया है। अखिलेश पांडेय ने कहा कि ईडी और सीबीआई को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लगाकर अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार कर यह साबित कर दिया कि आने वाला समय आम आदमी पार्टी का है।
पूर्व जिला महासचिव आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाना चाहती है, प्रदेश सचिव सौम्येंद्र प्रताप श्रीवास्तव ने कहा कि सत्ता की आड़ में भ्रष्ट्राचार को बढ़ावा देने वाली भारतीय जनता पार्टी के मंसूबे कभी कामयाब नही होंगे। इस दौरान ब्रह्मदेव सिंह सैंथवार, अजय नारायण मिश्र, सैफुद्दीन, मेंहताब आलम, सौम्येंद्र प्रताप श्रीवास्त, घनश्याम चौधरी, अखिलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।