प्रशिक्षित किए गए मतगणना ड्यूटी में लगे कार्मिक
मास्टर ट्रेनर ने कार्मिकों को बताई मतणगना की बारीकियां
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरगर। प्रशासन ने मतगणना कराए जाने की तैयारी पूरी की ली है। बुधवार को मतगणना ड्यूटी में लगे कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण विकास भवन परिसर में स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में दिया गया। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कुल 228 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
सीडीओ सुरेंद्रनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि दस मार्च को एचआरपीजी कॉलेज में मगतणना होगी। इसके लिए 57 पार्टियां बनाई गई हैं। मतगणना कार्य में 228 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्र में 14-14 टेबलों पर गणना की जाएगी। जबकि दो टेबल अतिरिक्त होगा। इसमें एक टेबल आरओ का और दूसरा टेबल प्रेक्षक का होगा। तीन- तीन पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक और एक माइक्रों आब्जर्वर होंगे। इस प्रकार प्रत्येक टेबल पर चार-चार कार्मिकों की ड्यूटी रहेगी। बुधवार को मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। पीपीटी यानि पॉवर प्वाइंट के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षित किया गया। कंट्रोल यूनिट से रिजल्ट का बटन दबाकर उम्मीदवार वार मिले वोट का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। मतगणना से जुड़ी सभी बारीकियां बताई गईं। इस दौरान डीडीओ सुदामा प्रसाद, पीडी उमाकांत त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम जीशान रिजवी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।