मेंहदावल में बांध के किनारे काम में जुटे मजदूर। संवाद
मेंहदावल। तहसील क्षेत्र के करमैनी-बेलौली तटबंध की हालत खराब है। तटबंध पर कई जगह रेनकट-रैट होल नहीं भरे गए हैं। बारिश का सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में सुरक्षा कार्य नहीं कराए गए तो समस्या बढ़ सकती है। इसे लेकर तटबंध से सटे गांव के लोग परेशान हैं।
क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी के पानी को रोकने के लिए बांध का निर्माण कराया गया है। करमैनी बेलौली तटबंध करीब 19.200 मीटर लंबा है। करमैनी स्थित गोरखपुर सीमा से लेकर करतहरी तक को जोड़ने वाला यह तटबंध वर्तमान समय में बदहाल है। ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारियों के प्रस्ताव पर विशुनपुर अति संवेदनशील कटान स्थल को सुरक्षित करने के लिए तीन सौ मीटर के करीब पीचिंग एप्रन व स्लोप निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। यह स्वीकृत हुआ। इस कार्य पर लगभग 6 करोड़ 25 लख रुपये खर्च होना था। अभी तक यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
वर्तमान समय में यह कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया, जिससे तटबंध की सुरक्षा को लेकर गांव के लोग परेशान हैं।
वहीं विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पीचिंग एप्रन व स्लोप का कार्य अंतिम चरण में है। नदी का जलस्तर अभी गेज तक नहीं पहुंचा है। ग्रामीण मानवेंद्र प्रताप सिंह पंडित कृष्णा नंद त्रिपाठी दयासागर यादव जयप्रकाश यादव हीरालाल यादव श्याम करन यादव हरिश्चंद्र आदि लोगों का कहना है कि करमैनी बेलौली तटबंध की सुरक्षा के लिए कार्य नहीं हो रहा है। रेन कट भरने के नाम पर कोरमा पूर्ति किया गया है। बिशनपुर में तटबंध को सुरक्षित करने के लिए चल रहा कार्य बरसात के इस मौसम में भी अधूरा पड़ा हुआ है।