संतकबीरनगर। जनपद में मिशन शक्ति के तहत महिला सशक्तीकरण की मुहिम तेज कर दी गई है। मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। कई स्थानों पर महिला बीट अधिकारियों ने सुरक्षा की जानकारी दी।
जिले के सभी थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के धमईचा व थवईपार, महिला थाना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियांवा व सेमरियांवा बाजार, धनघटा थाना के शनिचरा बाजार व ग्राम दुबौलिया, महुली के ग्राम घोरहवा, मेंहदावल ने रोडवेज तिराहा, सोनबरसा व सीएचसी मेंहदावल, बेलहरकला के गनवरिया और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के गौरीराई, कस्बा धर्मसिंहवा व देउरा गांव में महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट देकर जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।