धनघटा। बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष को सौंपे शिकायती पत्र में महिला ने तहसील के एक अधिवक्ता पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला मलौली की निवासी है। जमीन संबंधी विवाद के एक मामले में अधिवक्ता पर संघ का दबदबा बनाकर महिला के बेटे पर फर्जी प्राथमिकी व बैक डेट में विवादित पत्रावली में आदेश कराने का आरोप है।
मलौली निवासी पुष्पा चतुर्वेदी पत्नी राम भरोसे ने अध्यक्ष बार एसोसिएशन धनघटा दिलीप राय को दिए पत्र में आरोप लगाया कि धनघटा तहसील के एक अधिवक्ता द्वारा अनेक प्रकार से उत्पीड़न किया जा रहा है। अधिवक्ता द्वारा तीन माह पूर्व संघ का दबाव बनवाकर बेटे शिवम पर फर्जी प्राथमिकी दर्ज करा दी जबकि अधिवक्ता का एक गांव में अलग-अलग बैनामे का रकबा है, जिसमें वह कुछ हेक्टेयर जमीन पर काबिज भी है। फिर भी उन्होंने संघ का दबाव बनाकर हड़ताल के समय व एसडीएम के तबादले के बाद बैक डेट में आठ जुलाई को विवादित पत्रावली में आदेश करवा लिया।
पत्र में मामले की जांच कर अधिवक्ता द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न को रोकने की मांग की है। साथ ही बेटे पर दर्ज प्राथमिकी पर विचार करने की मांग की।
इस संबंध में बार एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष दिलीप राय ने कहा कि पत्र मिला है। वह व्यावहारिक रूप से मामले की जानकारी कर बातचीत से समस्या समाधान का प्रयास करेंगे।