संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय ने बृहस्पतिवार को महिला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, बैरक, शस्त्रागार समेत विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिलेखों का परीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी ने शस्त्रागार में रखे असलहों और कारतूसों का अभिलेखों से मिलान कराया। साथ ही उनके सुरक्षित रखरखाव की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में लंबे समय से खड़े वाहनों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विधिक प्रक्रिया के तहत ऐसे वाहनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि थाना परिसर सुव्यवस्थित और स्वच्छ बना रहे।
क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और अनुशासित कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करते हुए शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी, महिला सुरक्षा, विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए।