पुलिस के साथ महिलाओं ने नष्ट की अवैध शराब की भट्ठियां
-पुलिस को देख अवैध कारोबारी हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पौली। क्षेत्र में भारी पैमाने पर बनाई व बेची जा रही जा रही अवैध कच्ची शराब से आजिज आ चुकीं महिलाएं रविवार को हाथ में लाठी लिए अवैध कारोबारियों के अड्डे पहुंच गईं। महिलाओं के जाने की सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस को देखकर कारोबारी भाग निकले। पुलिस के साथ भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने अवैध शराब बनाने की भट्ठियां तोड़कर 50 कुंतल से अधिक लहन नष्ट कर दिया।
गांववालों का कहना है कि भोतहा और लौकिहा गांव के माझा में घाघरा नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब की भट्ठियां धधकती हैं। यहां से बनने वाली कच्ची शराब की सप्लाई पूरे क्षेत्र में गांव-गांव की जा रही है। अवैध शराब बनाने और बेचने पर रोक लगाने की मांग लंबे समय से आबकारी व पुलिस विभाग से की जा रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे परेशान महिलाओं ने स्वयं अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का निर्णय लिया और माझा क्षेत्र में पहुंचकर अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट कर दिया। महिलाओं का कहना है कि अब अवैध कारोबार को यहां नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए सभी महिलाएं संकल्पित हैं। पौली चौकी इंचार्ज राजेश मिश्रा ने बताया कि सौ से अधिक शराब की भट्ठियां और 50 कुंतल से अधिक लहन नष्ट हुई है। इस कारोबार में लिप्त लोग भाग निकले।