रोसयाबाजार। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत शनिचरा बीआरसी भवन के सामने की सड़क पर गंदा पानी भरा है। इससे लोगों को जहां आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस गांव में संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बढ़ रहा है।
क्षेत्र के शनिचरा ग्राम पंचायत में स्थापित बीआरसी भवन के सामने सड़क पर बह रहा बारिश का पानी इकट्ठा हो रहा। जल निकासी की व्यवस्था न होने से सरकार की मंशा पर पानी फेरने के लिए काफी है। गांव में जाने वाले मार्ग पर घरों का पानी सड़क से ऊपर बह रहा है। आलम यह है कि इस रास्ते से होकर लोगों को आने-जाने में बहुत ही दिक्कतें हो रही हैं जबकि सड़क पर जमा पानी संक्रामक बीमारियों को दस्तक दे रहा है।
गांव के मनोज जायसवाल, विक्रम, बिंदेश्वरी अयोध्या, विनय चौधरी, हरिराम, शुभग, सीताराम, रामफेर, हरिकेश, मनोज, जयसिंह आदि का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था न होने से पानी पसरा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
शिक्षक भोलेंद्र यादव ने बताया कि स्कूल में आने के लिए काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही हैं। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत जितेंद्र तिवारी ने बताया कि रोस्टर लगाकर जल्द ही जल निकासी कराई जाएगी। साथ ही नाली निर्माण कराकर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी।