सांथा। विकासखंड सांथा की लोहरसन ग्राम पंचायत में दो साल से पानी की टंकी से जलापूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, क्षतिग्रस्त नालियों के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
करीब 10 हजार आबादी वाली लोहरसन ग्राम पंचायत में लगभग 10 साल पहले पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। कुछ वर्षों तक इससे पेयजल की आपूर्ति होती रही लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पिछले दो साल से जलापूर्ति बंद है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे स्वच्छ पेयजल मिलने में परेशानी हो रही है।
गांव में जगह-जगह बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त हैं। इससे घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। पानी सड़कों और रास्तों पर जमा होने से आवागमन में दिक्कत के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
पूर्व प्रधान अहमद सुहेल रहमानी ने बताया कि पानी की टंकी से आपूर्ति बंद होने के कारण हैंडपंप ही सहारा हैं। दिनेश मौर्य, संजय वर्मा और सुभाष मद्धेशिया ने कहा कि नालियां टूटने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हफीजुर्रहमान, अबरार अहमद, अजुमुल्लाह, तबारक अली, मुहम्मद हनीफ, मुहम्मद रईस, निसार अहमद, साजिद अली और मोबिन ने जल्द पानी की टंकी से जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की।
कोट
पेयजल परियोजना पूरी होने के बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं होने के कारणों की जांच कराई जाएगी। यदि कोई तकनीकी दिक्कत है तो उसे दूर कराकर पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।
-मनोज पाल, सहायक अभियंता, जल जीवन मिशन