सिंचाई विभाग द्वारा रेन कट व होल को भरवाया गया, तुकर्वलिया नायक में हो रहा कटान
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। सोमवार को स्थिर रहने के बाद घाघरा मंगलवार को फिर बढ़ने लगी। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 10 सेमी बढ़ा है। हालांकि नदी कई स्थानों पर कटान कर रही है। तुकर्वलिया नायक में एमबीडी बांध से मात्र 468 मीटर पर नदी कटान कर रही थी।
बारिश के कारण घाघरा ने जून में विकराल रूप धारण करना शुरू कर दिया था। पिछले दिनों नदी के जल स्तर में हुई भारी वृद्धि देख नदी के किराने बसे गांवों के लोग दहशत में आ गए थे। इधर सोमवार को नदी 78.60 मीटर पर पूरे दिन स्थिर रही। मंगलवार को नदी का जल स्तर 78.70 मीटर पर मापा गया। जो खतरे के निशान 79.35 मीटर से काफी नीचे है। वहीं जिस प्वाइंट पर वर्ष 2013 में नदी ने एमबीडी बांध को काटा था। उसी प्वाइंट पर इस वर्ष भी नदी तेजी के साथ कटान करते हुए बंधे से मात्र 468 मीटर की दूरी पर रह गई है। मंगलवार को बंधे में जिस स्थान पर रेन कट व होल थे उस स्थान को मिट्टी से भरा गया। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सतीष चंद्र ने कहा कि नदी कटान जरूर कर रही है, लेकिन इस कटान से बांध को कोई खतरा नही है। बांध पूरी तरह से मजबूत व सुरक्षित है।