बिल ठीक कराने के लिए पीड़ित महिला परेशान, जेई पर रकम मांगने का भी आरोप लगा, जेई ने आरोप को नकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विद्युत उपकेंद्र बाघनगर के भाटापारा के एक बिजली उपभोक्ता का दो माह का बिजली बिल दो लाख 75 हजार आया है। यह देखकर वह परेशान है। पीड़ित ने निगम के अफसरों से सुधार कराने की गुहार लगाई है।
भाटापारा गांव निवासी महिला फरीबुन्निशा पत्नी अब्दुल बारी के नाम से घरेलू बिजली कनेक्शन है। महिला के बेटे जुनैद अहमद ने बताया कि 12 अप्रैल को बिजली बिल 284 रुपये जमा करने के बाद बकाया शून्य हो गया। अब दो माह का बिजली बिल दो लाख 75 हजार तीन सौ तेईस रुपये से आया है। निगम के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं तो सुनवाई नहीं हो रही।
आरोप है कि जेई विभागीय गलती को न मानकर सही कराने के लिए सुविधा शुल्क मांग रहे हैं। विद्युत निगम के जेई विजय गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। रकम मांगने का आरोप निराधार है। उपभोक्ता से इस मामले को लेकर कोई बात नहीं हुई है।