संतकबीरनगर। जिले के उनखास गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते बिजली भार को देखते हुए ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण निगम खलीलाबाद को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में राम सनेही के निजी बोरिंग पर वर्षों पहले लगाया गया 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर वर्तमान समय में बढ़े हुए बिजली लोड को वहन करने में सक्षम नहीं है। कुछ वर्षों में क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या और खपत में लगातार वृद्धि हुई है। इसके चलते आए दिन लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग तथा ट्रांसफाॅर्मर फुंकने जैसी समस्याएं बनी रहती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू उपकरण भी सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि वर्तमान 25 केवीए ट्रांसफाॅर्मर को हटाकर उसकी जगह 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके। ज्ञापन देने वालों में प्रेम सागर, अवधेश कुमार, राम मिलन, विजय कुमार, राम अवध, चंद्र कुमार, अनिल कुमार, राम स्वारथ, फूलचंद्र, जय श्री प्रसाद आदि शामिल रहे।