सांथा। ब्लॉक के करमा कला-भटौरा मार्ग की बदहाल के खिलाफ ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने सड़क के मरम्मत की मांग की है।
यह मार्ग भटौरा से करमा कलां होते हुए मुख्य सड़क मेंहदावल-गनवरिया को जोड़ती है। सड़क की गिट्टियां उखड़ कर गड्ढे में तब्दील हो गई हैं। बरसात के माैसम में जलभराव से आवागमन बाधित हो जाता है। ग्रामीण अंगद शर्मा, दीपक मिश्रा, धर्मराज शर्मा, मनोज चौरसिया, रामदास, भगवान दास, अनिरुद्ध शर्मा, कुंदन शर्मा, रामावतार शर्मा सुजीत चौधरी आदि ग्रामीणों ने बताया कि सात साल पहले सड़क की मरम्मत हुई थी। उसके बाद सड़क की मरम्मत विभाग के तरफ से नहीं कराई गई।
ग्रामीण रामपाल शर्मा, रामप्रसाद गौड़, सौरभ त्रिपाठी, विकास शर्मा, रविंद्र प्रताप ने बताया कि कई बार विभाग से लेकर जनप्रतिनिधियों तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क कि गिट्टियां उखड़ने से जगह-जगह गड्ढों की भरमार है। राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। सभी ने सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क उनके लिए जीवनरेखा जैसी है, लेकिन लंबे समय से उपेक्षित पड़ी है। बरसात के दिनों में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।