संतकबीरनगर। जिला कांग्रेस कमेटी ने महोबा में छात्रा के कथित अपहरण और उत्पीड़न मामले में प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कहा कि सरकार पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है और विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण चंद्र पांडेय ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जब पीड़िता का हाल जानने उसके घर जा रहे थे, तब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह पीड़ित परिवार से मिले।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ जनप्रतिनिधियों ने अजय राय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।
वहीं, नेताओं ने अयोध्या में विकास कार्यों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।