धनघटा। हैंसर क्षेत्र के गायघाट दक्षिणी में चार वर्ष पूर्व सरयू नदी की कटान में उजड़े पीड़ित परिवारों को बुनियादी सुविधा न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जिगिना गांव में रविवार को प्रदर्शन किया तथा अधिकारियों को पत्र देकर शीघ्र बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार मांग के बावजूद अब तक आवास, शौचालय पेयजल और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इससे विस्थापित परिवारों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2022-23 में सरयू नदी की भीषण बाढ़ और कटान में गायघाट दक्षिणी गांव के कई परिवारों के मकान नदी में समा गए थे।
इसके बाद प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को विस्थापित कर जिगिना गांव स्थित सार्वजनिक भूमि पर बसाया था। आरोप है कि पुनर्वास के बाद शासन प्रशासन ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर कोई सुधि नही ली। जिसके चलते आज भी विस्थापित परिवार बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
प्रदर्शन में सुरेंद्र, रामपाल, अनिल, मुलायम, इमिरता, सरिता, राजमती, निर्मला सुनीता, जांती, राधिका, रामप्यारे, मंतर, रवि कुमार, सुभाष व अन्य शामिल रहे।