संतकबीरनगर। मानसून आने में अब एक सप्ताह का समय शेष है। खास बात यह है कि नगर पालिका प्रशासन शहर में जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था नहीं कर सका है। आलम यह है कि विधियानी में नाला निर्माण की सुध नगर पालिका प्रशासन को अब आई है। कार्य को देखते हुए यह नहीं लग रहा है कि समय से पूर्ण हो पाएगा।
इसके साथ ही जहां पूर्व में नाले बनाए गए वह भी कहीं अधूरे छोड़ दिए गए हैं तो कहीं आपस में जोड़े नहीं गए है। ऐसे में बरसात के मौसम में शहरवासियाें को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून से मानसून के सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने अब विधियानी मोहल्ले में नाले का निर्माण शुरू कराया है। नाला बनाने में भी तमाम दिक्कतें आ रही हैं। वजह यह है कि कहीं बीच में ट्रांसफाॅर्मर आ रहे हैं तो कहीं बिजली के पोल बाधा बन रहे हैं।
ऐसे में नाले काे बीच-बीच में छोड़कर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस क्षेत्र के लोगों का कहना है कि देरी से नाला निर्माण शुरू होने से समय से इसके पूर्ण होने की उम्मीद नहीं है। यही नहीं स्टेशन रोड पर बनाया गया नाला मोड़ के पास अधूरा छोड़ दिया गया है।
अधिकतर नाले जाम, नहीं हो पाई सफाई : शहर में छोटे-बड़े कुल 36 नाले हैं। इसमें से अधिकतर नाले जाम पड़े हैं। ठेके पर कर्मियों को लगाकर नालों की सफाई कराई जा रही है, लेकिन इसमें समस्या यह है कि अधिकतर स्थानों पर लोगों ने नालाें पर चबूतरा बना लिया है, जिससे सफाई में बाधा हो रही है।