मेंहदावल बाईपास पर फुटपाथ के पास बनाया गया नो पार्किग जोन में खड़ा किये गए वाहन।
संतकबीरनगर। प्रशासन ने मेंहदावल बाई के आसपास के क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड भी लगाया गया है, ताकि वाहन चालक इस एरिया में वाहन खड़ा कर सवारियां न भरें। इसके बाद भी दिनभर यहां पर वाहन खड़ा कर सवारियां भरी जा रही है। जिससे आए दिन जाम लग रहा और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रशासन ने शहर को सेफ सिटी के रूप में विकसित करने की पहल की है। इसके तहत मेंहदावल बाईपास चौराहे के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है। इसके साथ ही प्रशासन ने चौराहे के 200 मीटर की एरिया को नो पार्किंग जोन घोषित करते हुए यहां पर बोर्ड भी लगा दिया है।
निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी वाहन चौराहे पर खड़ा न हो, ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो। इसके बाद भी वाहन चालक मनमाने ढंग से मेंहदावल बाईपास के आस-पास वाहन खड़ा कर सवारियां भर रहे हैं, जिसके कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
यही नहीं जहां पर परिवहन निगम की बसें खड़ा होती है, उसके पास ही प्राइवेट वाहन चालक वाहन खड़ा कर सवारियां भरते हैं। इससे परिवहन निगम को चपत लग रही है। इस क्षेत्र के निवासी प्रेमचंद्र व राकेश कुमार ने कहा कि नो पार्किंग जाने घोषित होने के बाद भी समस्या बनी हुई हैं। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है। ा