जिले में 45,971 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
- 22,200 रखा गया था टीकाकरण का कुल लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शुक्रवार को जिले के 11 स्वास्थ्य केंद्रों समेत 181 गांव में कोरोना टीकाकरण शिविर आयोजित हुआ। टीकाकरण का कुल लक्ष्य 22,200 रखा गया था। जिसके सापेक्ष 45,971 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 15 से 18 वर्ष के किशोर और फ्रंटलाइन वर्कर, 60 वर्ष के ऊपर लोगों को लगा बूस्टर डोज भी शामिल है।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के तहत शुक्रवार की सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल, सीएचसी खलीलाबाद, पीएचसी पौली, सीएचसी नाथनगर, सीएचसी सांथा, सीएचसी सेमरियावां, सीएचसी मेंहदावल, सीएचसी हैंसर, पीएचसी बेलहर, पीएचसी बघौली समेत 181 गांव में शिविर लगाकर टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि खलीलाबाद सीएचसी पर टीकाकरण का कुल लक्ष्य 2400 रखा गया था। जिसके सापेक्ष 6121 लोगों को टीका लगाया गया। पौली में 2400 के सापेक्ष 3590, नाथनगर में 2400 के सापेक्ष 5730, सांथा में 2400 के सापेक्ष 6170, सेमरियावां में 2400 के सापेक्ष 4370, मेंहदावल में 2400 के सापेक्ष 6458, हैंसर बाजार में 2400 के सापेक्ष 4443, बेलहर में 2400 के सापेक्ष 3724, बघौली में 2400 के सापेक्ष 5050, जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में 300 के सापेक्ष 145 और उप स्वास्थ्य केंद्र मगहर में 300 के सापेक्ष 170 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।