एडी बेसिक के सामने अपना पक्ष रखने व्यायाम शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में चल रही मंडल स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन खो-खो और कबड्डी स्पर्धा में ओवरएज खिलाड़ियों को उतारने को लेकर सिद्धार्थनगर और बस्ती जिले के व्यायाम शिक्षकों में विवाद हो गया। इस दौरान हंगामा भी हुआ। इससे करीब पांच घंटे तक दोनों स्पर्धाएं नहीं हुईं। सूचना पर एडी बेसिक मनमोहन शर्मा और बीएसए गजराज यादव पहुुंचे और व्यायाम शिक्षकों से बातचीत कर प्रतियोगिता शुरू कराई।
दरअसल, मंगलवार सुबह प्राथमिक स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता चल रही थी। उसी दौरान सिद्धार्थनगर के व्यायाम शिक्षकों ने बस्ती जनपद के खिलाड़ियों को उच्च प्राथमिक स्तर का बताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद प्रतियोगिता को रोक दी गई। यही हाल प्राथमिक स्तर की खो-खो प्रतियोगिता में भी हुआ वहां पर सिद्धार्थनगर के खिलाड़ियों को उच्च प्राथमिक स्तर का बताते हुए बस्ती जनपद के व्यायाम शिक्षक विरोध करने लगे और प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिता में ओवरएज खिलाड़ियों को हटाने की मांग करने लगे। विवाद बढ़ता देख आयोजकों ने स्पर्धा रोक दी।
समझाने पर भी व्यायाम शिक्षक नहीं माने। प्रतियोगिता पांच घंटे तक रुकी रही। एडी बेसिक और बीएसए सूचना पर पहुंचे और खिलाड़ियों के ओवरएज होने के बारे मेें पूछताछ की। बाद में खिलाड़ियों ने प्राथमिक स्तर पर पढ़ने का प्रमाण दिया तब जाकर प्रतियोगिता शुरू हुई। एडी बेसिक ने बताया कि बच्चे बड़े थे इस वजह से व्यायाम शिक्षकों को ओवरएज का संदेह हो गया। जांच पड़ताल में बच्चे प्राथमिक स्तर के ही निकले। जिसके बाद प्रतियोगिता शुरू करा दी गई।