संतकबीरनगर। सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड से एक कदम आगे जाते हुए यूपी बोर्ड ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्र-छात्राओं को राह दिखाने का निर्णय लिया है। वेबसाइट के अलावा यूपी बोर्ड फेसबुक, एक्स और इंस्ट्राग्राम पर मॉडल पेपर उपलब्ध कराने के साथ ही तैयारी के टिप्स भी देगा। यही नहीं यू-टयूब पर छोटे-छोटे वीडियो के माध्यम से बोर्ड परीक्षा की तैयारी और दबाव से बाहर निकलने की सलाह भी देगा। बोर्ड ने एक साल व्यापक स्तर पर तैयारी की है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हर साल इधर-उधर से मॉडल पेपर और क्वेश्चन बैंक लेकर तैयारी करते हैं। कई बार दिग्भ्रमित भी हो जाते हैं। ऐसे में बोर्ड ने अपने विषय विशेषज्ञों की टीम से विषयवार टिप्स तैयार करवाया है। इसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सुलभ कराया जाएगा। बोर्ड परीक्षा को लेकर जो हौव्वा छात्र-छात्राओं के मन में रहता है उसे दूर करने के लिए यू-ट्यूब की मदद लेंगे। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शैक्षणिक सामग्री तैयार करने के साथ जांच भी करा ली गई है। जल्द ही इसे शुरू करेंगे ताकि विद्यार्थियों को सही जानकारी मिल सके।
कोट
सोशल मीडिया के माध्यम से बोर्ड परीक्षा ही नहीं पूरे साल-छात्र छात्राओं का मार्गदर्शन किया जाएगा। परीक्षा के दौरान खासी सक्रियता रहेगी।
हरिशचंद नाथ, डीआईओएस