चुनाव की घोषणा से हरकत में आया प्रशासन, उतारे होर्डिंग व पोस्टर
संतकबीरनगर। चुनाव आयोग की ओर से विधान सभा चुनाव की घोषणा होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में नेताओं के लगे होर्डिंग, पोस्टर व बैनर को उतारना शुरू कर दिया है। शनिवार की देर शाम तक नगर पालिका के कर्मचारी शहर में लगे होर्डिंग को उतारने में लगे रहे।
उत्तर प्रदेश में चुनाव की घोषणा हो गई है। प्रशासन आचार संहिता का पालन कराने में जुट गया है। सबसे पहले प्रमुख चौराहों पर विद्युत खंभों पर लगे राजनीतिक दलों के पोस्टर, होर्डिंग और बैनर को जेसीबी से हटवाया गया। जो होर्डिंग नहीं हट पा रहे थे, उसे तोड़कर हटाया गया। इसी तरह से पौली क्षेत्र में विभिन्न चौराहों पर जगह-जगह लगे बैनर पोस्टर हटाने का काम शुरू कर दिया गया। पुलिस प्रशासन की टीम ने सभी चौराहों पर देर रात तक बैनर व पोस्टर हटवाया। टीम ने पौली, दुल्हापार, खेवसिया, खरचा, रामपुर, पारा, मड़पौना, शनिचरा बाजार, गोविंद गंज सहित क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर लगे बैनर व पोस्टर को उतारने का कार्य शुरू हो गया। पुलिस चौकी प्रभारी पौली दीपक कुमार ने हिदायत दी कि अगर कहीं बैनर या पोस्टर लगाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस मौके पर पुलिस कर्मियों में प्रदीप सिंह, अंकित प्रसाद, संतोष यादव, रामचंदर, उदय प्रताप सिंह, प्रशांत विक्रम सिंह, हल्का लेखपाल इम्तियाज अहमद, अमीन वागीश मिश्रा आदि शामिल रहे। बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार ईओ प्रदीप शुक्ला के निर्देश पर नगर पंचायत बखिरा में लगे हुए होर्डिंग्स को नगर पंचायत कर्मचारियों ने उतारा। बखिरा में पुलिस चौकी, इंटर कॉलेज तिराहा, सहजनवां तिराहा, अमरडोभा चौराहे समेत अन्य जगहों पर राजनीतिक दलों ने होर्डिंग्स व बैनर लगाया था। होर्डिंग उतारने वाले टीम में सुमित रावत, हरिओम पाठक, मनीष सिंह, मनीष गुप्ता, वीरेंद्र, आयुष आदि शामिल रहे।