संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के निकट अंडरपास का निर्माण पूर्ण होने को है। इसके साथ ही अप्रोच मार्ग बनना है, जिसमें नगर पालिका परिषद का नाला बाधा बना हुआ है। ऐसे में रेलवे ने बुधवार को मिट्टी डालकर नाले को बंद कर दिया है। इसके बाद पालिका प्रशासन ने इस नाले को मोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। पालिका के लोगों ने यहां पहुंच कर सर्वे किया और इस नाले को शहर के अंडरग्राउंड नाले से जोड़ने की बीत कही।
मुखलिसपुर रोड रेलवे क्रॉसिंग के निकट करीब दो साल से अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। बीच में पावर ब्लॉक न मिलने से कार्य की प्रगति धीमी पड़ गई थी। अब अंडरपास का ढांचा रेलवे लाइन के नीचे फिट कर दिया गया है। इसके साथ ही अप्रोच बनाने की शुरूआत हो गई है। इसमें पास से गुजर रहा नगर पालिका का नाला बाधा बना हुआ है। ऐसे में रेलवे ने इसकी सूचना नगर पालिका प्रशासन को देते हुए नाला को मिट्टी डालकर बंद दिया।
इधर, नगर पालिका के कर्मी बुधवार को मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद नाला को मोड़ने के लिए सर्वे का कार्य शुरू किया। पालिका कर्मियों की मांगने तो अब इस नाले को शहर की ओर मोड़ दिया जाएगा और इसे अंडरग्राउंड नाले से जोड़ दिया जाएगा। ताकि शहर में जल भराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
अंडरपास के निकट का नाला अब शहर की ओर मोड़ा जाएगा। इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है। इस नाले को अंडरग्राउंड नाले से जोड़ा जाएगा, ताकि जल निकासी हो सके।
- जगत जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खलीलाबाद