संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के खेवसिया गांव के पास सोमवार को शीशम के पेड़ से लटके मिले महुली थाना क्षेत्र के भिटनी खुर्द के उमेश के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में मौत भी करीब 10 दिन पूर्व होनी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उमेश ने घर से निकलने वाले दिन ही फंदा लगा लिया था। शव में कीड़े पड़ गए थे।
महुली थाना क्षेत्र के भिटनी खुर्द गांव निवासी उमेश पांडेय 35 वर्ष पुत्र जमुना प्रसाद पांडेय नवंबर माह में बंगलौर से घर आये हुआ थे। 27 नवंबर को वह अपना सभी दस्तावेज घर पर छोड़कर कहीं निकल गए। काफी इंतजार के बाद घर न लौटने पर परिजनों ने 28 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। काफी तलाश के बाद भी उमेश का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार को उमेश का शव खेवसिया गांव के पास शीशम के पेड़ से लटकता देखकर लोगों ने शोर मचाया। धनघटा पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ धनघटा जेपी दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम से लगभग दस दिन पूर्व ही मौत की बात रिपोर्ट में सामने आ रही है। रिपोर्ट को महुली थाने पर भेजा जा रहा है। वहां पर पहले से ही गुमशुदगी दर्ज है। आगे की कार्रवाई वहीं से होनी है। संवाद
-
घटना स्थल पर पहुंचने के लिए पुकरनी पड़ी मशक्कत
उमेश का जिस जगह शव लटका मिला था, वहां पर हर कोई व्यक्ति आसानी से नहीं पहुंच सकता है। आसपास के ग्रामीणों के लिए उस पार जाने के लिए नाव की भी व्यवस्था नहीं है। पुलिस को जुगाड़ की नाव से नदी पार कर घटना स्थल पर पहुंचना पड़ा। पुलिस टीम की मानें तो काफी मशक्कत के बाद शव को शीशम के पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसओ रजनीश राय ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसका अध्ययन किया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।