अपर सीएमओ और एसडीएम ने सील कराया अल्ट्रासाउंड सेंटर
धनघटा। डीएम के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की टीम ने महुली में चल रहे सागर डायग्नोस्टिक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। जांच में अवैध रूप से संचालन की पुष्टि होने पर सेंटर को सील कर दिया। संचालक को तीन दिन के अंदर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। लाइसेंस आदि नहीं दिखाने पर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
अपर सीएमओ मोहन झा व एसडीएम योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में टीम सागर डायग्नोस्टिक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची तो अफरातफरी मच गई। संचालक मौके से भाग गया। टीम ने सेंटर से जुड़े लोगों से अभिलेख मांगा तो वे लोग कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। टीम ने मरीजों से पूछताछ की। टीम को कुछ चिकित्सकों की लिखी पर्ची भी मिली। टीम अभिलेखों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। एसडीएम योगेश्वर सिंह ने बताया कि से अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया है। संचालित को अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का मौका दिया गया है। इस मौके पर बाबू अयोध्या प्रसाद, अभिषेक श्रीवास्तव, शोभित आदि मौजूद रहे। संवाद