संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसिटी मार्ग पर खटियांवा पेट्रोल पंप के सामने सोमवार सुबह करीब 11:00 बजे कार और बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी, जबकि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक भाग गया।
घायलों की पहचान दुधारा थाना क्षेत्र के धुसुरा गांव निवासी मोईद अहमद (20) पुत्र सईद अहमद और हारून (20) पुत्र कलीमुल्लाह के रूप में हुई है। दोनों युवक सोमवार सुबह घर से खटियांवा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए मेंहदावल की तरफ जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार मेंहदावल की तरफ से आ रही थी, जबकि बाइक सवार युवक बस्ती की तरफ से मेंहदावल की ओर जा रहे थे। खटियावा पेट्रोल पंप के सामने दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया।
घटना के बाद क्षतिग्रस्त दोनों वाहन सड़क किनारे पड़े रहे। एसओ दुधारा अमित कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को उपचार के लिए भिजवा दिया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।