संतकबीरनगर। खंड शिक्षाधिकारी मुख्यालय ज्ञान चंद्र मिश्र ने सोमवार को खलीलाबाद ब्लॉक के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रावि बरईपार पठान में 42 में से मात्र 14 बच्चे उपस्थित पाए गए। यहां कार्यरत शिक्षामित्र सुरभि और हेमकुमारी अनुपस्थित रहीं। वहीं यूपीएस बनकटवा में महिला अनुदेशक बिना सूचना गायब मिलीं।
बीईओ मुख्यालय ज्ञान चंद्र मिश्र ने सोमवार को ब्लॉक के प्रावि पखुआपार, गोडही, फेरुसा, धरैची, करमुआ, बनियाबारी, यूपीएस बनकटवा तथा कंपोजिट उमरी खुर्द तथा दुघरा आदि का भी निरीक्षण किया। इन सभी जगहों पर अच्छी उपस्थिति के साथ शिक्षण कार्य होता पाया गया। प्रावि पखुआपार में उपस्थिति अच्छी रही मगर फल का वितरण नहीं हुआ था। विद्यालय स्टॉफ पठन-पाठन के साथ ही बच्चों को गांधी एवं शास्त्री जयंती की भी तैयारी करा रहा था।
प्राथमिक विद्यालय धरैची में पठन-पाठन का माहौल काफी अच्छा मिला। शिक्षक टीएलएम के प्रयोग से शिक्षण कार्य कर रहे थे। विद्यालय का भौतिक परिवेश भी अच्छा मिला। इसी प्रकार उमरी खुर्द तथा बनकटवा में उपस्थिति काफी अच्छी मिली। यहां भी शिक्षण कार्य बेहतर पाया गया मगर अनुदेशक शगुफ्ता परवीन अनुपस्थित रहीं।