धनघटा। महुली कस्बे और आसपास के गांवों में विगत बीस दिनों से एक लंगूर के आतंक से लोग परेशान हैं। लंगूर का उत्पात रुकने की वजाय निरंतर बढ़ता जा रहा है। लंगूर ने मंगलवार को एक बार फिर दो बुजुर्गों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। लंगूर के हमले के रोकथाम में प्रशासन पूरी तरह लाचार बना हुआ है। क्षेत्र की जनता इस लापरवाही से काफी आक्रोशित है।
महुली कस्बा और आस पास के गांवों के लोगों का कहना है कि लंगूर के हमले से बीस से अधिक लोगों के घायल होने के बाद भी जिला प्रशासन की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही है। मंगलवार को महुली के ब्राह्मण मोहल्ला निवासी लगभग अस्सी वर्षीय रामनेवास मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उत्पाती लंगूर ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इसी तरह से एक अन्य बुजुर्ग को भी लंगूर ने जख्मी कर दिया। ग्रामीण मनीष मिश्र, गिरीश चन्द्र द्विवेदी, अश्वनी द्विवेदी, व्यापारी नेता दीपक लाल वर्मा ने प्रशासन से लंगूर पकड़वाने की मांग की है। संवाद