टीकाकरण के बाद भी दो स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
जिला अस्पताल में है तैनाती, जनवरी-फरवरी में लगी थी डोज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोनारोधी वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद भी जिला अस्पताल के दो स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। दोनों एंटीजन किट से हुई जांच में संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के पॉजिटिव पाए जाने पर विभाग में हड़कंप मच गया है। टीम ने दोनों स्वास्थ्यकर्मियों के सैंपल लेकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज जांच के लिए भेजा है।
जिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स और अन्य कर्मी कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके थे। उन्हें यह डोज जनवरी और फरवरी माह में ही लगी थी। शुक्रवार को उन्हें कुछ दिक्कत महसूस हुई तो उन लोगों ने शनिवार को कोरोना की एंटीजन जांच करवाई। इसमें दोनों पॉजिटिव पाए गए। वैक्सीन लगवाने के बाद भी जिले में पहला पॉजिटिव केस सामने आया है। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन टीम भेजकर दोनों स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लिए गए और मेडिकल कॉलेज गोरखपुर जांच के लिए भेजे गए। कोरोना टीका लगवाने के बाद भी पॉजिटिव आने की सूचना पर अस्पताल कर्मी परेशान हैं। अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि दोनों कर्मियों के सैंपल लेकर एनटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।