सगड़वा में हुई मार्ग दुर्घटना में घायल मां ओर बेटा । स्रोत - ग्रामीण
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के सगड़वा गांव के निकट मोड़ पर रविवार अपराह्न बाद दो बाइक और कार में सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार मां बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में किसी तरफ से थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार छितही गांव निवासी इन्द्रावती देवी (45) रविवार को बाइक से बेटे डब्लू (22) के साथ महुली बाजार आई थीं। वह दवा लेकर घर लौटते समय जैसे ही महुली-बस्ती मार्ग पर सगड़वा गांव मोड़ के निकट पहुंची तो दूसरी बाइक से शनिचरा बाबू निवासी विपिन (26) की सीधे भिड़ंत हो गई। इसी दौरान सड़क से गुजर रही कार अनियंत्रित होकर दोनों बाइक से टकरा गई।
तेज आवाज और घायलों की चीख पुकार सुनकर राहगीर के अलावा स्थानीय लोग पहुंच गए। खून से लथपथ इंद्रवती देवी, बेटा डब्लू तथा दूसरे बाइक सवार विपिन को आनन-फानन में उपचार के लिए सीएचसी नाथनगर लेकर पहुंचे। चिकित्सक की मानें तो मां बेटे को काफी चोटें आई हैं। जबकि अन्य मामूली रूप से घायल हुए हैं। जिनका उपचार निकट अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना में दोनों बाइक और कार क्षतिग्रस्त हो गया है।