हाईवे पर नेदुला के पास टकराई हुई तीन ट्रकें, जिनके चलते लगा रहा जाम । संवाद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नेदुला में हाईवे पर रात में तीन ट्रक एक साथ टकरा गए। इसके चलते दो घंटे तक हाईवे जाम रहा। इस बात की जानकारी पाकर कोतवाली और यातायात पुलिस के लोग मौके पर पहुंचे और क्रेन बुलवाकर ट्रकों को अलग अलग किया। इसके बाद जाकर मौके से जाम हटाया जा सका। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह चार बजे के करीब बस्ती से गोरखपुर की तरफ जा रही एक डीसीएम सामने चल रहे एक ट्रक में टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहा ट्रेलर डीसीएम में टकरा गया। इसके बाद वाहन सड़क की एक लेन में फैल गए। दुर्घटना नेदुला के आगे गोरखपुर लेन पर मेंहदावल बाईपास ओवर ब्रिज के शुरुआत में हुआ। घटना के बाद एक ट्रेलर समेत तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इससे हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना के बाद कोतवाली पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर टकराए वाहनों को प्राइवेट क्रेन की मदद से हटवाया। दुर्घटना में ट्रेलर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में दूसरे ट्रेलर का इंजन बुलाकर उसे हाईवे से किनारे किया गया। इसके बाद अन्य वाहन में लोड़ सामान को स्थानांतरित किया गया। कोतवाली व यातायात की संयुक्त पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे से वाहनों को हटवाकर आवागमन को दो घंटे में बहाल कराया। पुलिस टीम की मानें तो हादसे में सिर्फ वाहन ही क्षतिग्रस्त हुए। किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिल सकी।