हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत, एक घायल
तिघरा/बखिरा। बुधवार देर शाम बखिरा क्षेत्र के बकहा गांव के निकट हुए हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। वहीं, एक छात्र घायल हो गया। घायल छात्र का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों की पहचान बेलहर कला क्षेत्र के करनहवा टोला निवासी 18 वर्षीय शिवम और इसी गांव के 20 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है।
शिवम के पिता भानुप्रकाश ने बताया कि उनका पुत्र और गांव का ही 20 वर्षीय विशाल बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र थे। दोनों खलीलाबाद में ही एक प्राइवेट नर्सिग होम में नौकरी भी करते थे। बुधवार को शिवम, विशाल और गांव का ही 16 वर्षीय आनंद खलीलाबाद से एक ही बाइक से गांव पर आयोजित रविदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर शाम तीनों एक ही बाइक से वापस खलीलाबाद जा रहे थे। मेंहदावल-खलीलाबाद मार्ग पर बकहा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए। घटना के बाद जुटे लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल विशाल को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। एसओ बखिरा अनिल कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शाम को विशाल की भी मौत हो गई। तीसरे घायल आनंद का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित की मां सुशीला ने बताया कि उनका बेटा शिवम पढ़ने में होनहार था। बेटे से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन हादसे ने बेटे को छीन लिया।