बाइक चुराने वाले गिरोह के सरगना समेत दो गिरफ्तार
संतकबीरनगर। बेलहर कला पुलिस ने मंगलवार को बाइक चुराने वाले गिरोह के सरगना समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 13 मोटरसाइकिल उनके घरों से बरामद की। इनमें से तीन बाइक मेंहदावल से और दो कोतवाली क्षेत्र से चुराई गई थीं। शेष के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसओ बेलहर कला संतोष कुमार मिश्र ने सूचना के आधार पर मंगलवार को बांसी-नंदौर मार्ग पर नौडिहवा पुलिया के पास से चोरी की बाइक के साथ युवक को पकड़ा। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान विनोद चौधरी निवासी परसिया थाना बेलहर कला के रूप में हुई। इस आरोपित ने बताया कि बरामद बाइक को मेंहदावल से चुराया था। चोरी की घटना में उसका सहयोगी सोनू लोध निवासी बरडांड़ थाना खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर शामिल है। अलग-अलग जगहों से दोनों ने मिलकर कुल 13 मोटरसाइकिल चोरी की है। उनमें से सात चोरी की मोटरसाइकिल उसके घर पर मौजूद है।
शेष पांच मोटरसाइकिल साथी सोनू लोध के घर पर रखी गई हैं। पूछताछ में आरोपित विनोद चौधरी ने यह भी बताया कि वह गिरोह का सरगना है। पकड़े गए सरगना की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उसके घर पर रखी चोरी की सात और मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस टीम ने सोनू लोध को उसके गांव बरडांड थाना खेसरहा, जिला सिद्घार्थनगर से गिरफ्तार किया। उसके घर में छुपा कर रखी गई पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में तीन को मेंहदावल क्षेत्र से और दो को कोतवाली क्षेत्र से अलग-अलग तिथियों में चुराया गया था।
दोनों मिलकर संतकबीरनगर के अलावा बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज समेत आस-पास के जिलों से मोटरसाइकिलें चुराते थे। वे चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल में ले जाकर बेच देते हैं। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।