संतकबीरनगर। बच्चों के विवाद में परिवार पर लाठी-डंडे, सरिया और रॉड से हमला करने के मामले में मेंहदावल पुलिस ने सोमवार को दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है। तीनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, बाराखाल गांव निवासी सतीश मौर्या और मुकेश मौर्या इस मामले में वांछित थे। दोनों को पुलिस ने मेंहदावल बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। वहीं, एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। बताया गया कि आठ जून को बच्चों के विवाद में गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी।
आरोप है कि आरोपियोें ने लाठी-डंडे, सरिया और रॉड से हमला किया। इस दौरान पवन यादव के सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। बाल अपचारी के खिलाफ समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करके किशोर न्यायालय प्रस्तुत कर दिया गया। जहां से उसे बाल सुधार गृह रवाना कर दिया गया। संवाद