ट्रक पलटा, दो घंटे प्रभावित रहा आवागमन
सेमरियावां। बीएमसीटी मार्ग पर स्थित उसराशहीद चौराहे के पास बुधवार को सीमेंटेड शेड लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े टेंपो के ऊपर पलट गया। टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने रास्ता साफ कराया।
पुरानी बस्ती क्षेत्र के सिहारी निवासी गुलाम रसूल ने उसरा शहीद में बीएमसीटी मार्ग पर सड़क के किनारे टेंपो खड़ा किया था। उसी दौरान बस्ती की तरफ से सीमेंटेड शेड लदा ट्रक गुजरा। ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर टेंपो के ऊपर पलट गया। संयोग था कि उस वक्त टेंपो में कोई सवार नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि ट्रक पर लदा सीमेंटेड शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर चौकी इंचार्ज बाघनगर विनोद कुमार यादव मौके पर पहुंच गए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को रास्ते से हटवाया, तब जाकर रास्ता साफ हुआ। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्रक के साथ चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद