संतकबीरनगर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित रैना पेपर मिल के पास एक सड़क हादसा हो गया। यहां शनिवार को खलीलाबाद से पेपर देकर स्कूटी से लौट रही छात्राओं को ट्रक ने रौंद दिया, जिससे एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी घायल हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को पहले अस्पताल भेजा फिर शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोरखपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर बशारतपुर की रहने वाली ऋचा श्रीवास्तव (21) पुत्री विजय कुमार श्रीवास्तव और शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला राम जानकी नगर निवासी कुमारी खुशी सिंह (24) पुत्री राजेश्वर सिंह शनिवार को स्कूटी से डुमरी स्थित एक डिग्री कॉलेज में एमकॉम की परीक्षा देने आई थीं।
दोपहर में परीक्षा देकर वापस लौट रही थी। अभी वह कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाइवे स्थित रैना पेपर मिल के पास पहुंची ही थी कि पीछे से ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। घटना में ऋचा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि खुशी टक्कर लगने से दूर उछल गई और वह घायल हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मगहर चौकी इंचार्ज उदय शंकर द्विवेदी भी पहुंच गए। उन्होंने घायल छात्रा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि छात्रा ऋचा श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा खुशी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पर छात्राओं के परिजन पहुंच गए। इसके बाद वहां कोहराम मच गया। छात्रा की मौत से परिजन गमगीन थे। ऋचा के मामा दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि ऋचा परीक्षा देकर वापस लौट रही थी कि हादसे की सूचना मिली। ऋचा काफी होनहार थी।