संतकबीरनगर/बड़गो। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बघौली चौकी स्थित जंगल कला खुशिया गांव के पास मंगलवार की दोपहर में ट्रक ने बाइक सवार महिला को रौंद दिया। इस दौरान वह ट्रक के पहिये में फंसकर 10 मीटर तक घिसटती रही, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बघौली चौराहे के पास जंगल कला खुशिया गांव के पास दिन में लगभग 1:40 बजे के आसपास बाइक सवार युवती को एक ट्रक ने रौंद दिया।
इससे बाइक सवार तो बच गया, लेकिन पीछे बैठी महिला ट्रक के पहिए में फंस गई, ट्रक ने उसे 10 मीटर तक घसीटा, जिससे महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
उसकी पहचान गोरखपुर जनपद के सहजनवां क्षेत्र के शाहपुर बनौली निवासी बिंदू देवी (35) पत्नी राजीव कुमार के रूप में हुई। वह दुधारा क्षेत्र के पिपरा बोरिंग गांव में ननद से मिलकर लौट रही थी। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवागमन बहाल कराया। इसके साथ ही पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण करके शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया।
घटना की जानकारी के बाद मृतका के नात-रिश्तेदार और अन्य जान-पहचान के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पति को सांत्वना देने में जुट गए।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में पति ने तहरीर दी है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है।